कार छोड़ी और बाइक पर हो गए सवार, वोटर अधिकार यात्रा में दिखा राहुल का अलग अंदाज

24

पूर्णिया/कुमार प्रवीण. राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा निकली. वोटर अधिकार यात्रा कटिहार मोड़ से निकलकर लाइन बाजार, पंचमुखी मंदिर , रामबाग, कस्बा, जलालगढ़ होते हुए अररिया पहुंची. इस बीच राहुल गांधी का एक अनोखा अंदाज भी देखने को मिला. कप्तान पुल के पास राहुल गांधी और तेजस्वी यादव गाड़ी से उतरकर बाइक पर बैठ गए और फिर  खुद बुलेट बाइक चलाते हुए यात्रा किया. बता दें कि एक दिन पहले ही राहुल गांधी मखाना के खेत में उतर गए थे और किसानों की समस्याएं जानने की कोशिश की थी. वहीं, पूर्णिया में राहुल गांधी को देखने और उनका भाषण सुनने के लिए आए समर्थकों में काफी नाराजगी देखने को मिली. उनके समर्थकों ने कहा कि राहुल गांधी कटिहार मोड़ से वोटर अधिकार यात्रा निकाले,  लेकिन 1 मिनट भी कहीं नहीं रुके और न ही कुछ बोले. सीधे चलते बने. वहीं, भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि यह वोट बचाने की यात्रा है. उन्होंने कहा कि जो गरीब बाहर मजदूरी करने जाते हैं वैसे पास 65 लाख लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया. यह वोट की चोरी नहीं तो और क्या है.