बेटी के आंसू महंगे पड़ेंगे, JDU नेता की लालू यादव को नसीहत, नई सरकार पर दिल्ली में मंथन

15
JDU नेता नीरज कुमार ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के राजनीति छोड़ने पर कहा, “रोहिणी आचार्य एक बेटी हैं जिसने अपने पिता की जान बचाई, बेटी लक्ष्मी होती है, उसका अपमान करना हमारी परंपरा का हिस्सा नहीं रहा है और लालू यादव और राबड़ी यादव इस पर चुप क्यों हैं? यह दूसरी घटना है, पहले ऐश्वर्या के साथ हुआ और अब रोहिणी के साथ… ये आंसू लालू यादव को बहुत महंगे पड़ेंगे, राजनीति के धृतराष्ट्र मत बनिए, बताइए कौन दोषी है, दोषी सामने आना चाहिए. यह उनका आंतरिक मामला है लेकिन चिंता का विषय है.” उधर, बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर दिल्ली में मंथन चल रहा है. गृहमंत्री अमित शाह से जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा मिलने के लिए पहुंचे. मीटिंग में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और प्रभारी विनोद तावडे भी मौजूद रहे. जेडीयू और बीजेपी के शीर्ष नेताओं की आज भी बैठक हो सकती है.

 जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की आज होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस स्थगित कर दी गई है. पार्टी की ओर से कहा गया कि- आगे की सूचना तय होने पर दी जाएगी. बिहार भाजपा द्वारा अपने निलंबन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने कहा– “…यह निर्दिष्ट नहीं किया गया है कि वह ‘पार्टी विरोधी गतिविधियां’ क्या हैं. उन्होंने मुझसे कारण बताओ नोटिस मांगा और मैंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को अपना इस्तीफा भेज दिया. उनके जवाब में, मैं बिहार भाजपा से पूछ रहा हूं कि वे किस ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’ की बात कर रहे हैं. मैंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले या भ्रष्ट लोगों को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए. क्या यह ‘पार्टी विरोधी गतिविधि’ है? यदि आप आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट देते हैं, तो आप पार्टी की छवि को कम कर रहे हैं. यह कभी भी पार्टी के हित में नहीं होगा. ऐसे लोगों को टिकट देना किसी के हित में नहीं है, न तो राष्ट्रीय हित में, न ही लोगों के हित में, यहां तक कि पार्टी के हित में भी नहीं… मेरा बयान पार्टी के हित में था. ऐसी जगह पर रहने का कोई फायदा नहीं है जहां लोग परेशान हैं अगर आप आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों से सवाल करते हैं.”
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद लालू परिवार में खलबली मच गई. लालू को किडनी देने वाली बेटी रोहिणी ने राजनीति छोड़ने का ऐलान किया. उन्होंने परिवार से भी रिश्ते खत्म किए. उधर, आज बीजेपी नेता सम्राट चौधरी का बर्थडे है. उन्हें जेडीयू नेता नीतीश कुमार ने बर्थडे विश किया है. तो वहीं, भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने तेजस्वी यादव की तुलना औरंगजेब से की है.