भारत और त्रिनिदाद-टोबैगो में मेलजोल कदम-कदम पर दिखाई देता है, PM मोदी को मिला एक और सम्मान

31

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्‍पेन पहुंच गए हैं. वहां पीएम नरेंद्र मोदी का पारंपरिक अंदाज़ में जोरदार स्वागत हुआ, जहां उनकी अगवानी पारंपरिक भोजपुरी चौताल की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ की गई. यह मोदी का बतौर प्रधानमंत्री इस कैरेबियाई देश का पहला आधिकारिक दौरा है और वर्ष 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा भी है.

प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘भोजपुरी चौताल की गूंज त्रिनिदाद और टोबैगो में!’ इस संदेश के जरिए उन्होंने वहां की भारतीय मूल की आबादी के सांस्कृतिक जुड़ाव और आतिथ्य भाव की सराहना की. अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो में बसे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात की और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा, ‘भारत से सालों पहले जो लोग त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे, उन्होंने यहां कई क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है और आज देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति से अपना जुड़ाव भी बनाए रखा है. पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय द्वारा दिए गए अविस्मरणीय स्वागत के लिए मैं आभारी हूं.’

गार्ड ऑफ ऑनर

पीएम मोदी ने ‘भारत को जानिए’ क्विज के स्थानीय विजेताओं (शंकर रामजतन, निकोलस मराज और विंस महतो) से भी भेंट की. उन्होंने कहा कि यह क्विज दुनिया भर में भारतीय प्रवासी युवाओं के बीच भारत से जुड़ाव को और मजबूत कर रहा है. यह यात्रा त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पसाद-बिसेसर के आमंत्रण पर हो रही है. पीएम मोदी के स्वागत में स्वयं प्रधानमंत्री बिसेसर, कैबिनेट के 38 मंत्री और देश के चार सांसद उपस्थित रहे. पियार्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.

द्विपक्षीय संबंध

प्रधानमंत्री की यह यात्रा न केवल भारत और त्रिनिदाद व टोबैगो के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई दे रही है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति और प्रवासी भारतीयों की भूमिका को भी रेखांकित कर रही है. बता दें कि पीएम मोदी ग्‍लोबल साउथ को एकजुट करने की कोशिश में जुटे हैं. इस सिलसिले में वह पांच देशों की यात्रा पर हैं.