हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और पुतिन के बीच मीटिंग शुरू

13
 आज का दिन भारत–रूस कूटनीति के सबसे अहम पलों का साक्षी बन रहा है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय बैठक इस समय हैदराबाद हाउस में जारी है, जो लगभग दोपहर 2 बजे तक चलने की संभावना है. इस बैठक में रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, 2030 तक का आर्थिक रोडमैप, भारतीय निर्यात में बढ़ोतरी और वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा हो रही है. इससे पहले पुतिन को राष्ट्रपति भवन में भव्य सेरेमोनियल वेलकम दिया गया, जिसमें 21 तोपों की सलामी और तीनों सेनाओं की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर शामिल था.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने पुतिन का औपचारिक स्वागत किया और दोनों देशों के मंत्रियों, अधिकारियों के बीच परिचय का दौर चला. इसके बाद पुतिन राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने उनकी अगवानी की और पूरे प्रोटोकॉल की जानकारी दी. पुतिन ने रूसी झंडे के रंग वाले चक्र को समाधि पर चढ़ाया और गुलाब की पंखुड़ियां अर्पित कीं. हैदराबाद हाउस में प्रारंभिक बयान में पीएम मोदी ने कहा कि यूक्रेन संकट की शुरुआत से भारत और रूस लगातार संपर्क में हैं और भारत शांति के पक्ष में है. उन्होंने कहा, ‘भारत न्यूट्रल नहीं है, भारत शांति के साथ है.’

क्या बोले पुतिन?

पुतिन ने भी भारत की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि रूस यूक्रेन के शांतिपूर्ण समाधान पर काम कर रहा है और अमेरिका भी इस प्रक्रिया में शामिल है. उन्होंने कहा कि भारत-रूस संबंध ‘भरोसे पर आधारित’ हैं और दुनिया तभी आगे बढ़ेगी जब देश शांति के रास्ते पर चलें. दिल्ली इस समय पुतिन के स्वागत में सजी हुई है और पूरे दिन कूटनीतिक गतिविधियां तेज रहीं. अब सबकी नजरें हैदराबाद हाउस की चल रही इस महत्वपूर्ण बैठक पर हैं, जिसके बाद बड़े समझौतों और संयुक्त बयान की उम्मीद है.