पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच शनिवार को सोशल मीडिया पर एक बड़ा दावा तेजी से फैलने लगा. कई पोस्ट में कहा गया कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरानी जवाबी कार्रवाई में मारे गए हैं. इसमें उनके एक वीडियो का जिक्र किया जा रहा था जो कथित तौर पर एआई से बना था. हालांकि, इस दावे को इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने तुरंत खारिज कर दिया. दफ्तर ने साफ कहा कि यह फर्जी खबर है और प्रधानमंत्री पूरी तरह ठीक हैं. इसी बीच क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है. इजरायल और अमेरिका के बीच जारी युद्ध को 16 दिन हो गए हैं.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कई ऐसे बयान दिए हैं, जिनसे साफ है कि अमेरिका अभी पीछे हटने के मूड में नहीं है. ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन अभी वह किसी डील के लिए तैयार नहीं हैं क्योंकि शर्तें ‘अभी पर्याप्त अच्छी’ नहीं हैं. जब उनसे पूछा गया कि आखिर वे शर्तें क्या होंगी, तो उन्होंने साफ बताने से इनकार कर दिया. हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि ईरान को अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाएं पूरी तरह छोड़नी होंगी. वहीं जेलेंस्की की ड्रोन के खिलाफ मदद को लेकर उन्होंने कहा कि जेलेंस्की आखिरी व्यक्ति होंगे जिससे वह मदद लेंगे.
खर्ग आइलैंड हमले पर क्या बोले ट्रंप?
अमेरिका-ईरान युद्ध में ट्रंप ने खर्ग आइलैंड पर अमेरिकी कार्रवाई को लेकर भी आक्रामक रुख दिखाया. अमेरिकी सैन्य कमान की तरफ से कहा गया था कि वहां 90 सैन्य ठिकानों पर सटीक हमले किए गए और तेल ढांचे को बचाने की कोशिश की गई. लेकिन बाद में ट्रंप ने दावा किया कि खर्ग आइलैंड ‘पूरी तरह तबाह’ कर दिया गया है और जरूरत पड़ी तो वहां तेल पर फिर हमला किया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने जानबूझकर ऊर्जा ढांचे को नहीं छुआ, क्योंकि उसे दोबारा खड़ा करने में सालों लग सकते हैं.
होर्मुज सभी के लिए खुल गया?
वहीं ईरान ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और इजरायल के अलावा सभी देश होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर सकते हैं. यह बयान खर्ग द्वीप पर हमले के बाद आया है. ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा संकेत देते हुए कहा कि ईरान की ओर से इस अहम समुद्री रास्ते को बाधित करने की कोशिश हो रही है, इसलिए अमेरिका कई देशों के साथ मिलकर इसे खुला और सुरक्षित रखने की योजना पर काम कर रहा है. ट्रंप के मुताबिक कई देश इस योजना में शामिल होने को तैयार हैं, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया. उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और दूसरे प्रभावित देश भी अपने युद्धपोत भेज सकते हैं. हालांकि इसे लेकर अब्बास अरागची ने कहा कि अमेरिका दुनिया के देशों के सामने भीख मांग रहा है.
ट्रंप ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर भी सनसनीखेज दावा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें तो यह भी नहीं पता कि मोजतबा खामेनेई जिंदा हैं या नहीं. ट्रंप के मुताबिक अब तक कोई उन्हें सामने नहीं ला पाया है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी दावा किया कि वह घायल हैं और संभव है कि बुरी तरह जख्मी हों.












