पीएम मोदी की बंगाल चुनाव में शनिवार की तीन ताबड़तोड़ रैली के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुरुलिया की जनसभा और पार्टी के ‘संकल्प पत्र’ के माध्यम से एक बड़ा भाषाई और सांस्कृतिक वादा किया है. भाजपा ने स्पष्ट किया है कि सत्ता में आने पर वह राजबंशी और कुरमाली भाषाओं को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू करेगी. यह निर्णय बंगाल के साथ-साथ असम और झारखंड के लाखों भाषाई समुदायों के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है.
शनिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तीन रैलियों के जरिए नरेंद्र मोदी ने पूर्वी बर्धमान के बाद मुर्शिदाबाद के जंगीपुर रैली में जोरदार हुंकार भरी. इसके बाद दक्षिण दिनाजपुर में महिलाओं को लेकर बड़ा ऐळान कर दिया. मोदी ने कहा कि महिला कल्याण मेरी प्राथमिकता में है. मोदी ने कहा बीजेपी जिस राज्य में है, वह बहनों की कल्याण करती है. उन्होंने कहा कि बहुत खेला खेला तुमने, 4 मई के बाद ये भागते नजर आएंगे. बर्धमान की रैली में भी मोदी ने कमोबेश यही हुंकार भरी. पीएम मोदी ने कहा 4 मई के नतीजों का ट्रेलर है और राज्य में बदलाव तय है. मोदी के मुताबिक, जनता का उत्साह और ऊर्जा “भय पर भरोसे की जीत” का संकेत दे रही है और बंगाल परिवर्तन के लिए तैयार है.
प्रधानमंत्री ने असम, केरल और पुडुचेरी में हुए मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि वहां रिकॉर्ड मतदान हुआ, खासकर महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही. उन्होंने दावा किया कि जहां-जहां ज्यादा वोटिंग होती है और महिलाएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं, वहां भाजपा-एनडीए को प्रचंड जीत मिलती है.
रैली में मोदी ने किसानों, खासकर आलू उत्पादकों का मुद्दा उठाते हुए तृणमूल सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिला और उनकी फसल बर्बाद हो रही है. भाजपा की ओर से वादा किया गया कि डबल इंजन सरकार बनने पर किसानों को केंद्र और राज्य मिलाकर 9,000 रुपये तक की सहायता दी जाएगी.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने भाजपा के घोषणापत्र और 6 गारंटी का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी बंगाल को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ठोस रोडमैप लेकर आई है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार भय और असुरक्षा के माहौल को खत्म कर भरोसे का वातावरण बनाएगी.
मोदी ने यह भी कहा कि जिस तरह अन्य राज्यों में भारी मतदान के बाद भाजपा को सफलता मिली है, उसी तरह बंगाल में भी पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी. पीएम मोदी पूर्वी बर्धमान के कटवा के बाद मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी में भी रैली करेंगे.
शुभेंदु अधिकारी टीएमसी पर हुए हमलावर
उधर, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस अपने पुराने और जमीनी नेताओं को नजरअंदाज कर रही है और उनका अपमान हो रहा है. उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने शुरुआती दौर में पार्टी को मजबूत किया, उन्हें अब हाशिये पर धकेला जा रहा है. अधिकारी ने ऐसे नेताओं से भाजपा में शामिल होने की अपील की और मंगलकोट के वरिष्ठ नेता विकास नारायण चौधरी को पार्टी में शामिल कराया. उनका दावा है कि तृणमूल में उपेक्षा और अपमान के कारण ही चौधरी ने भाजपा का रुख किया.












