गोरखपुर में नीट छात्र ने किया पशु तस्‍करी का विरोध, तो मुंह में गोली मारी.. हत्‍या से आक्रोश, सड़क पर हो रहा विरोध

36

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पशु तस्करों ने NEET की तैयारी कर रहे 19 साल के छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में बवाल, आगजनी और जाम की स्थिति बन गई. उग्र ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें SP नार्थ और थाना प्रभारी भी घायल हो गए. फिलहाल मौके पर कई थानों की फोर्स और PAC की तैनाती की गई है.

जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात करीब साढ़े 12:30  बजे तीन गाड़ियों से पशु तस्कर गांव पहुंचे थे. जब वे मवेशियों को खूंटे से खोलने लगे तो गांव वालों ने शोर मचाया. इसी दौरान 19 साल का दीपक गुप्ता भी शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़ा. तस्करों ने दीपक को पकड़कर जबरन डीसीएम में बैठा लिया और करीब एक घंटे तक घुमाने के बाद उसके मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद छात्र के शव को घर से 4 किलोमीटर दूर ले जाकर फेंक दिया. छात्र का शव मिलने के बाद गुस्साई भीड़ ने पशु तस्करों की एक डीसीएम को आग के हवाले कर दिया. हालांकि पशु तस्कर दूसरे वाहन से फरार हो गए.
बवाल और आगजनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बीच बचाव के दौरान SP नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनन्द सिंह घायल हो गए. मंगलवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगा दिया. जिसके बाद मौके पर चार थानों की फोर्स और PAC तैनात की गई.  पुलिस अधिकारी परिजनों को शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं. मृतक की पहचान दीपक गुप्ता (19) के रूप में हुई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा है. पुलिस तस्करों की तलाश और हालात पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है.