लखनऊ। जम्मू संभाग में बारिश-भूस्खलन से बिगड़े हालात के बाद वहां आने-जाने वाली 58 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसमें उत्तर प्रदेश आने वाली कई ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को जम्मू से पहले अंबाला में ही रोक दिया गया। ट्रेनें रद्द होने से हजारों यात्री जम्मू और कटरा में फंसे हैं। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक जम्मू से आने वाली जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस और लखनऊ से जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को निरस्त रहेगी। अमरनाथ एक्सप्रेस और कोलकाता जम्मूतवी ट्रेन का संचालन शुक्रवार को भी नहीं होगा। पिछले सप्ताह लखनऊ से ट्रेनों के जरिये 18700 से अधिक यात्री जम्मू गए हैं। वहां फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। स्पेशल ट्रेन यात्रियों को जम्मू से दिल्ली तक लाएंगी। दिल्ली से दूसरी ट्रेनों से यात्रियों को लखनऊ लाया जाएगा।













