नेपाल इस वक्त अपने इतिहास के सबसे बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रहा है. जेन Z आंदोलन के नाम से शुरू हुए विरोध ने सरकार गिरा दी. राजधानी काठमांडू से लेकर पश्चिमी नेपाल तक हिंसा की आग फैली हुई है. संसद, राष्ट्रपति भवन, नेताओं के घर और सरकारी दफ्तरों पर पत्थरबाजी व आगजनी के निशान हैं. हालांकि स्थिति शांत होती दिख रही है. काठमांडू में संकट के बीच भारत की एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों को राहत दी है. कंपनी ने कहा कि 11 सितंबर से काठमांडू के लिए रोजाना चार फ्लाइट फिर से शुरू होंगी. इसके अलावा, रेगुलेटरी मंजूरी मिलने पर दो स्पेशल रिलीफ फ्लाइट भी चलाई जाएंगी, ताकि फंसे यात्रियों को सुरक्षित घर लाया जा सके. इन फ्लाइट्स के किराए भी कम रखे जाएंगे. इंडिगो ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके अपने लोगों से मिलने की चिंता हमारी प्राथमिकता है.
सोमवार को संसद भवन के बाहर पुलिस फायरिंग में 19 युवाओं की मौत के बाद हालात और बिगड़ गए. मंगलवार को कोटेश्वर इलाके में प्रदर्शनकारियों ने तीन पुलिसकर्मियों को मार डाला. कालीमाटी थाने के पास हुई झड़प में तीन और प्रदर्शनकारी मारे गए. दो दिनों में 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 600 से अधिक घायल हैं. हालात इतने बेकाबू हुए कि प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा. लेकिन उनके जाने के बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ. मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने संसद और राष्ट्रपति कार्यालय को आग के हवाले कर दिया. सुप्रीम कोर्ट में भी आगजनी हुई, जिसके बाद सभी सुनवाई अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई.












