पिटबुल के जबड़े में महिला का हाथ, काटा, सड़क पर गिराया, दोनों तरफ से खींचते रहे लोग

26
 सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आवारा कुत्तों को लेकर शेल्टर होम में भेजने का फैसला सुनाया था, जिसे कुत्ता प्रेमियों के कारण बदलना पड़ा था. लेकिन, देश भर में आवारा कुत्ते ही नहीं, बल्कि पालतू कुत्ते भी कम मुसीबत नहीं है. आए दिन कुत्तों के हमले में किसी ना किसी के घायल होने या फिर मौत की खबरें सामने आती रहती है. वहीं, अब ताजा मामला उत्तर प्रदेश के झांसी (Jhansi) जिले से सामने आया है, जहां एक पालतू पिटबुल ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया. 

वीडियो में कैद दहशत के पल
इस हमले का वीडियो सामने है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. खबरों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल 2 मिनट 5 सेकेंड का वीडियो यह वीडियो सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मसीहागंज चौकी इलाके का है. यहां शनिवार रात एक पालतू पिटबुल ने अचानक से महिला पर जानलेवा हमला कर दिया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पिटबुल कुत्ता महिला का पीछा करते हुए घर के बाहर आता है और अचानक उसके हाथ को जबड़े में दबोच लेता है.
काफी मशक्कत के बाद छोड़ा हाथ
महिला दर्द और डर से चिल्लाती है, जबकि पीछे से एक अन्य महिला, जो मकान मालकिन बताई जा रही है उसे बचाने की कोशिश करती है, लेकिन कुत्ता हाथ नहीं छोड़ता. पीड़िता नीचे जमीन पर गिर जाती है और लगातार चिल्लाती रहती है. आसपास के लोग शोर सुनकर दौड़ते हैं और मिलकर किसी तरह महिला को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाते हैं. काफी मशक्कत के बाद हेमलता का हाथ पिटबुल के जबड़े से आज़ाद कराया जा सका.
‘मैंने उसे बचाने की कोशिश की थी’
हमले की शिकार महिला हेमलता ने बताया कि वह अपनी दोस्त रेखा के घर मिलने आई थीं. दोनों आपस में सामान का लेन-देन कर रही थीं, तभी अचानक पिटबुल कुत्ता आया और हमला कर दिया. रेखा ने बताया, ‘मैंने उसे (हेमलता) बचाने की कोशिश की, एक बार छुड़ा भी लिया, लेकिन कुत्ते का पट्टा निकल गया और उसने दोबारा हमला कर दिया.’ वहीं हेमलता की बेटी सलोनी ने बताया, ‘गनीमत रही कि कुत्ते ने गंभीर रूप से नहीं काटा, वरना हालात और खराब हो सकते थे.’
पुलिस को नहीं मिली शिकायत, फिर भी हो रही जांच
जब इस वायरल वीडियो के बारे में थाना सीपरी बाजार प्रभारी आनंद कुमार से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई भी शिकायत थाने में दर्ज नहीं की गई है. हालांकि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की जानकारी की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर पालतू खतरनाक जानवरों के पालन और उनकी निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.