अर्जुन तेंदुलकर का नाम सुनते ही फैंस को सचिन तेंदुलकर के बेटे की याद आ जाती है. लेकिन हम ये भूल जाते हैं कि दुनिया में एक ही नाम के कई लोग हो सकते हैं. इस बार भी मामला कुछ वैसा ही है. पी अर्जुन तेंदुलकर ने 19 अगस्त की रात आंध्र प्रीमियर लीग में तूफानी बल्लेबाजी की.
अर्जुन की ताबड़तोड़ ओपनिंग
दिन का पहला मुकाबला काकिंदा किंग्स और भीमावरम बुल्स के बीच खेला गया. विशाखापट्टनम के डॉक्टर वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में बुल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 214 रन जड़ दिए. पहाड़ से लक्ष्य के जवाब में काकिंदा की ओर से पी. अर्जुन तेंदुलकर ओपनिंग करने आए.
12 गेंदो में ठोके 31 रन
दाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने सिर्फ 12 गेंदों की पारी में तीन शानदार चौके और तीन गगनचुंबी छक्के उड़ाए. 31 रन की पारी में हर शॉट बिजली की रफ्तार सा तेज था. स्ट्राइक रेट 258 से भी ऊपर. जरा सी कमजोर गेंद नहीं दिखी कि उस पर चढ़कर खेल गए. गेंदबाज हैरान थे तो दर्शक रोमांचित. ऑक्शन में ककिंदा किंग्स ने उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये में खरीदा था.
फिर भी हार गई पी अर्जुन तेंदुलकर की टीम
वैसे पी अर्जुन तेंदुलकर की तूफानी पारी उनकी टीम के काम नहीं आई. पूर्व टेस्ट विकेटकीपर और टीम के कप्तान केएस भरत ने 40 गेंद में 76 रन की पारी खेली. इसके बावजूद पूरी टीम 19.5 ओवर में 187 रन पर सिमट गई. इस तरह भीमावरम बुल्स ने 27 रन से मैच जीत लिया.












