बंगाल चुनाव में पीएम मोदी के आंखों से टपके आंसू, बोले- मैं आपका कर्जदार हो गया

2
सिलीगुड़ी में पीएम नरेंद्र मोदी के चुनावी दौरे के दौरान एक भावुक क्षण देखने को मिला. विशाल जनसैलाब और जनता के अटूट समर्थन को देखकर प्रधानमंत्री मंच पर भावुक हो गए. उन्होंने नम आंखों से जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘इतना प्रेम और विश्वास देखकर मैं आपका कर्जदार हो गया हूं।’ पीएम मोदी शनिवार को रोड-शो का जिक्र कर भावुक हुए. उन्होंने कहा कि लाइन में छोटे-छोटे बच्चे को देखकर मैं हैरान था कि वह कितना मुझसे प्रेम करते हैं.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने अपने प्रचार अभियान को और तेज करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनावी मैदान में उतार दिया है. योगी आदित्यनाथ 12 अप्रैल से विष्णुपुर जिले के सोनामुखी विधानसभा क्षेत्र से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे. पार्टी की योजना के तहत वे राज्यभर में करीब 20 जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जिससे भाजपा अपने जनाधार को मजबूत करने और मतदाताओं को साधने की कोशिश करेगी.
बीजेपी योगी आदित्यनाथ की पहचान हिंदुत्व और सख्त कानून-व्यवस्था वाले नेता के रूप में पेश कर रही है, जिससे बंगाल के चुनावी समीकरणों पर असर डालने की रणनीति बनाई गई है. उनके दौरे को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है, खासकर उन इलाकों में जहां भाजपा अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है. वहीं सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी भवानीपुर से उनकी उम्मीदवारी रद्द कराने के प्रयास में है.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पश्चिम बंगाल में आठ रैलियां और रोड शो कर चुके हैं. हाल ही में जंगीपुर की रैली में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर घुसपैठ और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी और राज्य की पहचान व सुरक्षा को प्राथमिकता देगी.
पीएम मोदी ने सीएम ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह वोट बैंक की राजनीति कर रही है और अपने मूल नारे ‘मां-माटी-मानुष’ से भटक चुकी है. कुल मिलाकर, भाजपा अब अपने शीर्ष नेताओं के जरिए बंगाल में आक्रामक प्रचार कर रही है, जिससे चुनावी मुकाबला और तेज व दिलचस्प होता जा रहा है.