भारत, पड़ोसी देश बांग्लादेश और पाकिस्तान में आज सुबह-सुबह धरती डोली है. पश्चिम बंगाल में जोरदार भूकंप से धरती कांप उठी. पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आज यानी शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस हुए. भारत में आए इस भूकंप का केंद्र बांग्लादेश था. जी हां, बांग्लादेश के धोराशाल में यह भूकंप आया. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई. फिलहाल, किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं.
दरअसल, बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास धोराशाल में आए इस भूकंप का असर पश्चिम बंगाल समेत पूरे नॉर्थ ईस्ट में दिखा. पूरे नॉर्थ ईस्ट और कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल के कई जिलों में झटके महसूस किए गए. भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 10:08 बजे आया. कुछ लोगों ने भूकंप के असर से हिलते हुए पंखे और झूमर के वीडियो भी शेयर किए. भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों-दफ्तरों से बाहर की ओर भागे. फिलहाल किसी के घायल होने या प्रॉपर्टी को नुकसान होने की कोई खबर नहीं है.
पाकिस्तान में भी हिली धरती
इससे पहले पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पाकिस्तान में रिक्टर स्केल पर 5.2 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया. भूकंप का सेंटर 135 km की गहराई पर था. उस भूकंप में भी प्राइमरी तौर पर किसी नुकसान की खबर नहीं आई थी. आमतौर पर गहरे भूकंपों की तुलना में हल्के भूकंप अधिक खतरनाक होते हैं. ऐसा इसलिए है क्योंकि हल्के भूकंप से आने वाली सीस्मिक वेव्स को सतह तक पहुंचने में कम दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे जमीन अधिक हिलती है और स्ट्रक्चर को अधिक नुकसान हो सकता है और ज़्यादा मौतें हो सकती हैं.












