यूपी में बन सकता है एक और जिला, योगी सरकार ने मांगी रिपोर्ट, जानिए क्या होगा नाम

21
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में एक और नए जिले की सूरत बनती दिख रही है. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्मृति में ‘कल्याण सिंह नगर’ नाम से नया जिला बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. यह जिला अलीगढ़ के अतरौली और गंगीरी क्षेत्रों के साथ बुलंदशहर के डिबाई इलाके को मिलाकर बनाया जा सकता है. योगी सरकार ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

यह मांग सबसे पहले कल्याण सिंह के बेटे और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू ने उठाई थी. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कहा था कि अलीगढ़ और बुलंदशहर के कुछ हिस्सों को जोड़कर नया जिला बनाया जाए. नाम रखा जाए ‘कल्याण सिंह नगर’. साथ ही कल्याण सिंह के पैतृक गांव मढ़ौली (अतरौली) और गंगीरी को तहसील का दर्जा देने की मांग भी की गई. 

क्यों जरूरी है नया जिला?

राजवीर सिंह उर्फ़ राजू ने पत्र में तर्क दिया है कि बाबूजी ने उत्तर प्रदेश और बीजेपी के लिए बहुत कुछ किया है. अतरौली उनकी कर्मभूमि रही है. हालांकि, कई विकास कार्य अधूरे रह गए.  क्षेत्र की जनता की मांग है कि अगर अलग जिला बाबूजी के नाम पर बनता है तो तेजी से विकास होगा. दरअसल, अतरौली, गंगीरी और डिबाई इलाके में लाखों की आबादी है. लोग प्रशासनिक कामों के लिए दूर अलीगढ़ या बुलंदशहर जाना पड़ता है. इस वजह से भी नया जिला बनने से स्थानीय स्तर पर कामकाज आसान होगा, पुलिस, तहसील, अस्पताल और स्कूल जैसी सुविधाएं नजदीक मिलेंगी. इसके अलावा पूर्व सीएम कल्याण सिंह का इन इलाकों से गहरा नाता रहा. वे अतरौली से कई बार विधायक चुने गए. उनकी स्मृति में यह जिला बनना भावनात्मक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से अहम है.
योगी सरकार ने प्रस्ताव को गंभीरता से लिया है. शासन ने अलीगढ़ और बुलंदशहर के जिलाधिकारियों से कहा है कि क्षेत्र की जनसंख्या, राजस्व, दूरी और सुविधाओं की पूरी रिपोर्ट तैयार करें. नए जिले की सीमाएं कैसे तय होंगी, इसका नक्शा बनाएं. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की राय लें. रिपोर्ट आने के बाद कैबिनेट में प्रस्ताव जाएगा. अगर सब ठीक रहा तो जल्द ही नया जिला बन सकता है. अलीगढ़ के डीएम संजीव रंजन ने बताया कि शासन की तरफ से जिन बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गई है उसे जल्द ही उपलब्ध करवाया जाएगा.

यूपी में जिलों की संख्या

वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 75 जिले हैं. अगर ‘कल्याण सिंह नगर’ बनता है तो यह 76वां जिला होगा. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह कदम भाजपा के लिए लोधी समुदाय के बीच मजबूत संदेश भी देगा, क्योंकि कल्याण सिंह इस समुदाय के बड़े नेता थे.