‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगते रहे और राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मियों ने बाइक चुरा ली!

19

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा बीते 27 अगस्त को दरभंगा में थी. इस दौरान का एक ऐसा मामला सामने आया है जिससे, उनके सुरक्षाकर्मियों, कांग्रेस और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के आचरण पर सवाल खड़े हो रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी के सुरक्षा में तैनात एसपीजी कमांडो ने पल्सर 220 बाइक चुरा ली. बाइक मालिक अपनी बाइक की खोज के लिए वोटर अधिकार यात्रा गुजरने वाले कई जिलों का दौरा किया लेकिन बाइक नहीं मिली. बाइक अनिल राय के नाम से रजिस्टर्ड बताया जा रहा है. उनके पुत्र शुभम सौरभ ने दावा किया है कि राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मी जबरन बाइक लेकर फरार हो गए. खास बात यह कि शुभम ने दावा किया है कि यह घटना उस वक्त हुई जब राहुल गांधी रोड शो निकाल रहे थे और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए जा रहे थे.

सुरक्षा कर्मियों ने बाइक मांगी, फिर ले गए बिना लौटाए

शुभम सौरभ बताते हैं कि वे अपने ढाबे पर थे जहां सुरक्षा कर्मियों ने चाय पी और फिर बाइक मांगी. पहले मना करने पर भी दबाव बनाने पर बाइक दी गई. इसके साथ छह और बाइक भी ली गईं, जिनमें से छह सड़क किनारे फेंक दी गईं, लेकिन शुभम की बाइक कहीं नहीं मिली. बाइक लेकर सुरक्षा कर्मी आगे बढ़ गए और बाइक का कोई पता नहीं चला.

बाइक की खोज में लगे परिजन, कई जिलों का चक्कर

बाइक की तलाश में शुभम और उनके परिवार ने सीतामढ़ी, ढाका, मोतिहारी जैसे कई जिलों का दौरा किया. हर जगह जवाब मिला कि बाइक वहां नहीं है. शुभम का कहना है कि बाइक वापस पाने की कोशिश में करीब 15 से 20 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं. शुभम ने दावा किया है कि उनके पास सुरक्षाकर्मियों के कॉल रिकॉर्डिंग भी हैं जो इस मामले को और गंभीर बना रहा है.

राजनीति और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान ऐसा कांड होने से राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं. नारे लगाते हुए जिन सुरक्षा कर्मियों ने चोरी की, वह खुद एक बड़ा विवाद बन गया है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस से भी शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. जाहिर है इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक आचरण, दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.