उत्तरकाशी/चिन्यालीसौड़/पुरोला। राजकीय शिक्षक संघ ने शिक्षकों की सभी स्तरों पर पदोन्नति करने और प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती नियमावली निरस्त सहित अन्य मांगों को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर 27 अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में प्रदर्शन की चेतावनी दी।
सोमवार को राजकीय शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, नौगांव, पुरोला, मोरी में मांगों को लेकर बीईओ कार्यालय में प्रदर्शन किया। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अतोर महर ने बताया कि शिक्षक संघ लंबे समय से वार्षिक स्थानांतरण बहाल करने, शिक्षकों की पदोन्नति प्रत्येक स्तर पर करने, वरिष्ठ-कनिष्ठ वेतन-विसंगति का निराकरण करने, वार्षिक स्थानांतरण शुरू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने सहित अन्य मांगों लेकर मांग कर रहे हैं लेकिन शासनस्तर पर उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है।
जल्द ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो वह 27 अगस्त को मुख्य शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही व 29 को मंडल मुख्यालय और 1 सितंबर से शिक्षा निदेशालय देहरादून में धरना प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर मनोज पाल सिंह परमार, विरेंद्र दत्त नौटियाल, महेशचंद्र उनियाल, सुनीता नौटियाल, मंजू नौटियाल, गंभीर राणा, विपिन थपलियाल, मनवीर रावत, सुरेंद्र चौहान, कवींद्र चौहान आदि मौजूद रहे।












