सीएम धामी ने सिंगटाली पुल के लिए 57 करोड़ किये मंजूर, जल्द शुरू होगा निर्माण, देहरादून-नैनीताल के बीच कम होगी 45 किमी दूरी

35

उत्तराखंड के कुमाऊं और गढवाल क्षेत्र के लिए शुभ मंगल समाचार लेकर आया है. 19 साल के लंबे इंतजार के बाद कुमाऊ और गढवाल क्षेत्र को जोड़ने वाले सिंगटाली पुल का निर्माण अब जल्द ही शुरू होने वाला है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पुल के निर्माणकार्य के लिए 57 करोड़ रूपये की स्वीकृति दे दी है.

देहरादून-नैनीताल के बीच कम होगी 45 किमी दूरी
गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले सिंगटाली पुल के निर्माण से नैनीताल (रामनगर) और देहरादून के बीच की दूरी 45 किलोमीटर कम हो जाएगी. कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिंगटाली पुल के निर्माण से संबंधित औपचारिकताओं को पूरा कर इसका निर्माण कार्य शुरू कराने का बात कही थी. मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने बताया कि पुल के निर्माण को लेकर विधिवत आदेश जारी कर दिये गए हैं. पुल के निर्माण पर  मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली व्यय वित्त समिति ने 57 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है.

क्या है सिंगटाली पुल का मसला 
गंगानदी पर प्रस्तावित कौडियाला- व्यासघाट मोटर मार्ग बनने वाले इस पुल की कुल लंबाई 150 मीटर है. वर्ष 2006 से इसका निर्माण का इंतजार हो रहा है. 30 अगस्त 2006 को एनडी तिवारी की कांग्रेस सरकार के शासन काल में सिंगटाली पुल के निर्माण को मंजूरी मिली थी. फिर 2008 में तत्कालीन भाजपा सरकार में सीएम भुवनचंद्र खंडूडी ने इस प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया था. लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया.

वित्तीय स्वीकृति के बाद अब शुरू होगा काम 
अधिकारियों के मुताबिक  150 मीटर लंबे इस पर कुल लागत 57 करोड़ 5 लाख से ज्यादा की लागत का अनुमान है. इसके निर्माण के बाद देहरादून से नैनीताल के रामनगर की दूरी 45 किमी कम हो जाएगी. माना जा रहा है कि इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में यातायात को रफ्तार मिलेगी और विकास की संभावनाएं खुलेंगे.