फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद में प्रॉपर्टी डीलर को थार गाड़ी से कुचलने के मामले में पुलिस ने एसीपी के बेटे सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. स्टंटबाजी कर रहे थार चालक ने प्रॉपर्टी डीलर सहित दो लोगों को रौंद दिया था और फिर फरार हो गया था. मामले में बीते 40 घंटे से काफी बवाल हुआ और परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया था.
जानकारी के अनुसार, एसीपी राजेश लोहान के नाम पर रजिस्टर्ड थार गाड़ी ने रविवार रात को दो बजे प्रॉपर्टी डीलर मनोज और साथी को कुचल दिया था.
शुरुआत में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मिली भगत के आरोप लगाए थे कहा था कि कार्रवाई के नाम पर पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है. फिलहालस, पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और इसमें एक आरोपी एसीपी का बेटा भी है. पुलिस ने इस मामले में पहले दुर्घटना की धारा लगाई गई थी, लेकिन अब हत्या की धारा-103 बीएनएस लगा दी है. पुलिस ने थार को भी कब्जे में ले लिया है.
डीसीपी सेंट्रल उषा ने चार आरोपियों की गिरफ्तार की पुष्टि की है और कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.मृतक मनोज की बहन ने बताया कि भाई के साथ दोस्त थे और उनके साथ थाने में गए थे. थाने के पास ही यह घटना हुई थी. गाड़ी, नाम और एड्रेस पता चल गया है और एक आरोपी एसीपी का बेटा और पुलिस प्रशासन आरोपियों को बचाते हुए हमें गुमराह कर रहे हैं.
क्या है मामला
पूरा मामला रविवार रात का है. नंगला एन्क्लेव में गली-9 के रहने वाले प्रापर्टी डीलर मनोज कुमार अपने दोस्तों के साथ वृंदावन से लौट रहे थे और इस दौरान देर रात एक बजे सभी सेक्टर-नौ में एक दोस्त के आफिस पर पहुंचे. सभी को भूख लगी तो मनोज और एक दोस्त सेक्टर-12 में ढाबे से खाना लाने गए. यहां रास्ते में एक थार में स्टंटबाजी के चलते उन्होंने चालक को रोका तो विवाद हो गया. इस पर चालक मौके से भागा तो सभी ने पीछा किया और फिर एक पार्क के पास फिर से स्टंटबाजी करते हुए देखा. यहां पर थार से मनोज को कुचल दिया गया और फिर अस्पताल में उसकी मौत हो गई. इस मामले में शुरू में एसीपी ने कहा था कि थार उनका ड्राइवर चला रहा था. लेकिन परिजनों ने खूब हंगामा किया और अब जाकर कार्रवाई हुई है.












