बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी का दौर जारी है. पक्ष हो या विपक्ष एक दूसरे पर जुबानी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं. उधर, देश भर में नवरात्रि के शुरू होने पर शुभकामनाएं दी जा रही हैं, इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहारवासियों के लिए माता से मनोकामना मांगी. उनकी इस प्रार्थना में सीएम नीतीश पर तंज भी नजर आया. तेजस्वी यादव ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा- हे मां! बिहार ने पिछले 20 वर्षों में गरीबी, पलायन, भूखमरी, अपराध, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य की बेहाली सबकुछ सह लिया! अब बिहार को इस दु:ख से उबारिये. जनसेवा के लिए तेजस्वी को शक्ति दीजिए. ताकि तेजस्वी, हर घर समृद्धि , खुशहाली ला सके और नया बिहार बना सके.
बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल बढ़ गई है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार बिहार दौरे पर आने वाले हैं. वह आगामी 30 सितंबर के बाद बिहार का दौरा कर सकते हैं. सूत्रों के हवाले से खबर है कि- मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ सभी आयुक्त पटना पहुंचेंगे. 30 सितंबर को SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी. ऐसे में निर्वाचन आयुक्त पटना पहुंचकर चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे. उनके दौरे पर पहुंचने के तुरंत बाद चुनाव की घोषणा की जाएगी. बिहार विधानसभा चुनाव दुर्गापूजा और दीपावली के बीच कराने की तैयारी की जा रही है. 2 अक्टूबर से 19 अक्टूबर के बीच चुनाव की संभावना है. दो से तीन चरण में मतदान हो सकता है. छठ से पहले सभी चरण के चुनाव खत्म हो सकते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बीजेपी-जेडीयू के नेता तेजस्वी यादव पर हमलावर हैं. उधर, जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रिएक्शन दिया. उन्होंने कहा कि- राहुल गांधी-तेजस्वी यादव, पीएम मोदी को गाली देंगे. पीएम मोदी जब आएंगे तो राहुल गांधी और लालू यादव को गाली देंगे. लेकिन बिहार से बाहर काम करने वाले लोगों को गाली दी जा रही है वो कब खत्म होगी.












