2020 में अकेले चुनाव लड़ना सही फैसला था: चिराग पासवान

13
पटना: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बड़ा बयान दिया है. चिराग ने कहा कि 2020 में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला बिलकुल सही था और उसी फैसले ने आज उनकी पार्टी को मजबूती दी है.

दरअसल 2020 में चिराग पासवान ने एनडीए से अलग होकर अकेले चुनाव मैदान में उतरने का बड़ा जोखिम लिया था. उस चुनाव में पार्टी को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी. जबकि चिराग की पार्टी 130 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ी थी.  लेकिन चिराग का कहना है कि वही अनुभव पार्टी के लिए सीख बना और आगे का रास्ता तैयार किया.
इस बार चिराग पासवान फिर से एनडीए के साथ आए, और नतीजे सामने हैं. पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली है. चिराग ने कहा कि बिहार की जनता ने उनके फैसले और उनकी मेहनत पर भरोसा दिखाया है.
चिराग ने कहा, ‘2019 और 2024 लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा. 2024 लोकसभा चुनाव में भी एलजेपी (आर) ने अपनी पकड़ मजबूत दिखाई. और अब 2025 विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने उम्मीद से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन किया है’.
चिराग ने दावा किया कि उनकी पार्टी 2014 से लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है. कई बार विपरीत परिस्थितियां आईं, लेकिन उसके बावजूद उनकी टीम और कार्यकर्ताओं ने हार नहीं मानी.चिराग ने कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है और एलजेपी (रामविलास) आने वाले समय में लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए और मेहनत करेगी. चिराग पासवान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि बिहार के लोगों की समस्याओं को हल करना और राज्य को तेजी से आगे बढ़ाना है.