बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. एनडीए (NDA) में सीटों का फैसला फाइनल होने के बाद आज से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे (16-18 अक्टूबर) पर आ रहे हैं. शाह चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे और विशेष रूप से कमजोर सीटों पर जीत की रणनीति पर मंथन करेंगे. वहीं, सीएम नीतीश कुमार आज से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे. आज जेडीयू की दूसरी लिस्ट जारी होगी. वहीं, एनडीए के सम्राट चौधरी, रामकृपाल यादव, विजय चौधरी सहित कई बड़े नेता आज नामांकन करेंगे.
दूसरी ओर, महागठबंधन में सीटों का अंतिम बंटवारा होने से पहले ही कांग्रेस ने बुधवार रात उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी और सिंबल भी बांटे. प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम कुटुम्बा से चुनाव लड़ेंगे. बता दें कि राजद और माले पहले ही सिंबल बांटना शुरू कर चुके हैं.
इस बीच राजनीतिक घटनाक्रम में सूरजभान सिंह ने RLJP से इस्तीफा दे दिया है और उनके आज राजद में शामिल होने की संभावना है. उनकी पत्नी वीणा देवी मोकामा से राजद की उम्मीदवार हो सकती हैं.












