भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते लुधियाना जिले से मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है। पिछले तीन दिनों में होजरी, साइकिल और टेक्सटाइल यूनिटों से करीब 10 हजार मजदूर अपने घर लौट चुके हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनें पूरी तरह भर चुकी हैं। मजदूर बीमारी और शादी का बहाना बनाकर बिना टिकट ट्रेनों में सवार हो रहे हैं।
डीसी हिमांशु जैन ने वीडियो जारी कर लोगों से घबराने से मना किया है। उन्होंने कहा कि जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मजदूरों को किसी तरह की समस्या होने पर जिला प्रशासन की हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा गया है। जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को टीम ने शहर की एक दर्जन से अधिक राशन की दुकानों पर छापेमारी की।
डीसी ने बताया कि लोग घबराहट में राशन स्टॉक कर रहे हैं। उन्होंने राशन की जमाखोरी और ओवर चार्जिंग करने वाले दुकानदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।











