एयरबेस-आर्मी बेस की फोटो पाक भेजी…यूट्यूबर जसबीर को लेकर बड़ा खुलासा, पाक जासूसी कांड में नया मोड़

22
पाकिस्तान जासूस कांड में नया मोड़ आया है. यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा संग गिरफ्तार किए गए यूट्यूबर जसबीर सिंह को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. चार्जशीट में यह बात सामने आई है कि आरोपी जसबीर ने एयरबेस और आर्मी बेस की तस्वीरें पाकिस्तान भेजी थी. जसबीर सिंह को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यूट्यूबर जसबीर सिंह के खिलाफ मोहाली SSOC ने 1700 पेज की चार्जशीट दाखिल की है. यह अहम चार्जशीट सोमवार को कोर्ट में दाखिल की गई. 

इसी चार्जशीट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. चार्जशीट के मुताबिक, आरोपी जसबीर सिंह ने भारत के भाखड़ा नांगल डैम, पंजाब के एक फाइटर एयरबेस और एक बड़े आर्मी बेस की तस्वीरें और जानकारियां पाकिस्तान भेजी थीं. आरोपी जसबीर पाकिस्तान में 120 लोगों से संपर्क में था. इनमें कई ISI के अधिकारी शामिल थे. जसबीर ISI के एजेंट शाकिर रंधावा और जट से लगातार संपर्क में था.
जसबीर को लेकर क्या-क्या खुलासे?
चार्जशीट के मुताबिक, जसबीर ने पाकिस्तान के होटलों में आईएसआई अधिकारियों से मुलाकात की थी. जसबीर के पास दो पासपोर्ट बरामद हुई है. वह तीन बार पाकिस्तान जा चुका है. पाकिस्तानी यूट्यूबर नासिर ढिल्लो के जरिए जसबीर ने दानिश से मुलाकात थी. वह पाकिस्तानी दूतावास का अधिकारी था. दानिश ने उससे भारतीय सिम कार्ड मांगे थे, लेकिन वो उपलब्ध नहीं करा पाया था.
लैपटॉप में क्या राज? 

दरअसल, जसबीर सिंह जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के साथ पाकिस्तान एंबेसी भी गया था. एंबेसी में पाकिस्तानी आर्मी अधिकारियों से उसकी मुलाकात हुई थी. यह बात भी सामने आई है कि जसबीर ने अपना लैपटॉप पाकिस्तान के इंटेलिजेंस अधिकारी को सौंपा था. पाकिस्तान के एजेंट ने भारतीय सिम भी मुहैया कराने का टास्क आरोपी जसबीर को दिया था ताकि भारत के सिम कार्ड से भारत की जासूसी की जाए. उसके लैपटॉप और मोबाइल से कई अहम डेटा डिलीट किए, जिन्हें रिट्रीव करने की कोशिश में मोहाली पुलिस लगी है.