बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है. आज राज्य की राजनीति में बड़ा दिन है. दरअसल एक ही इलाके में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राजद नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी रहने वाली है. अमित शाह आज बिहार में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाह सबसे पहले डेहरी ऑन सोन पहुंचेंगे, जहां वह मगध-शाहाबाद क्षेत्र के 10 जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. यह इलाका बीजेपी और एनडीए के लिए कमजोर कड़ी माना जाता है. इन जिलों में रोहतास, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, गया, नवादा, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद शामिल हैं. 2020 विधानसभा चुनाव में यहां की कई सीटें राजद, कांग्रेस और वाम दलों के खाते में चली गई थीं. यही वजह है कि शाह इस क्षेत्र में बीजेपी की रणनीति पर खास फोकस कर रहे हैं.
इसके बाद शाह बेगूसराय जाएंगे. यहां वह पटना और मुंगेर प्रमंडल के 10 जिलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगे. मुंगेर प्रमंडल में मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, जमुई और शेखपुरा जिले आते हैं, जबकि पटना प्रमंडल में पटना और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह जिला नालंदा शामिल है. भले ही ये इलाके एनडीए के गढ़ माने जाते हैं, लेकिन शाह चाहते हैं कि इस बार बीजेपी और उसके सहयोगी यहां पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करें.
इसी बीच, राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के तीसरे दिन आज बेगूसराय से यात्रा की शुरुआत करेंगे. यहां से वह खगड़िया होते हुए आगे बढ़ेंगे. राजद सूत्रों के मुताबिक, यात्रा का पहला चरण 20 सितंबर को समाप्त होगा. इसके बाद दुर्गा पूजा के बाद इसे फिर से शुरू किया जाएगा.












