कराची: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीन उल इस्लाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और आईसीसी के बीच वर्चुअल बैठक से पहले लाहौर पहुंच गए हैं. यह बैठक पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के प्रस्तावित बहिष्कार पर जारी गतिरोध को सुलझाने के लिए हो रही है. पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अमीन ने लाहौर में पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात की और उम्मीद है कि वह वर्चुअल चर्चा में हिस्सा लेंगे जिसका मकसद पाकिस्तान को 15 फरवरी को होने वाले टी20 विश्व कप मैच में भारत के खिलाफ नहीं खेलने के अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए मनाना है.
नकवी ने भारत मैच के बहिष्कार के सरकार के निर्देशों पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की है लेकिन एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) द्वारा पीसीबी को एक ईमेल भेजने के बाद स्थिति बदल गई है. इस ईमेल में उनसे बहिष्कार खत्म करने का आग्रह किया गया है. आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता भी एसएलसी अध्यक्ष शम्मी सिल्वा से मिलने कोलंबो गए हैं जिन्होंने नकवी को विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए ईमेल भेजा था.












