बिहार विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दिल्ली में बिहार बीजेपी के शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. इस बैठक में बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर विशेष चर्चा होगी. बता दें कि 17 अगस्त से 1 सितंबर तक चली इस यात्रा में वोटर लिस्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए गए थे. अब बीजेपी इसे ‘वोट चोरी’ के आरोपों का जवाब देने की रणनीति बनाएगी.
पीएम की माताजी पर टिप्पणी विवाद
हाल ही में दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के खिलाफ अपशब्दों ने राजनीति गर्म कर दी है. बीजेपी ने इसे कांग्रेस और आरजेडी की ‘नीच राजनीति’ करार दिया है. बता दें कि स्वयं गृह मंत्री अमित शाह ने इस कृत्य की आलोचना की थी और कांग्रेस से माफी की मांग की थी. अब आज इस बैठक में इस विवाद पर जवाबी रणनीति और कानूनी कदमों पर विचार होगा।
एनडीए में सीट बंटवारे पर विमर्श
बैठक में एनडीए के घटक दलों- जेडीयू, एलजेपी और हम (सेक्युलर) के साथ सीट बंटवारे पर भी चर्चा होने की संभावना है. सूत्रों के अनुसार, अमित शाह 243 विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति और कुछ मौजूदा विधायकों के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी को लेकर किए गए सर्वे की समीक्षा करेंगे. वहीं, जेडीयू के साथ समन्वय और नीतीश कुमार के नेतृत्व को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को बिहार में कई परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे.पीएम मोदी के इस दौरे को चुनावी माहौल गरमाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. बैठक में इस दौरे की तैयारियों और इसके सियासी प्रभाव पर भी विचार होगा. यह बैठक बीजेपी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने और विपक्ष के हमलों का जवाब देने में अहम मानी जा रही है.












