आपको पता होगा सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में साफ-साफ कह दिया कि कुत्तों को शेल्टर होम में छोड़ा जाए. इससे जहां पशुप्रेमियों को झटका लगा. वहीं, लोगों के लिए राहत भरा फैसला रहा. मगर, इस बीच यूपी के लखीमपुर खीरी से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां आतंक का पर्याय बन चुके सिंबा नाम के कुत्ते का आखिरकार खौफ खत्म हो चुका है. नगर पालिका ने इस कुत्ते को पकड़ लिया और अपने साथ ले गए.
मामला काशी नगर मोहल्ले का है. यहां लगभग 100 लोगों को काट चुका सिंबा नाम का कुत्ता आज आखिरकार पकड़ा गया. नगर पालिका परिषद को लगातार काशी नगर मोहल्ले से शिकायत मिल रही थी कि एक सिंबा नाम का कुत्ता अचानक से हमला करके लोगों को काट लेता है. सिंबा की डर की वजह से छोटे बच्चे गलियों में खेल नहीं पाते थे, घरों में काम करने वाले लोग अपने काम पर नहीं जा पाते थे.
\स्थानीय लोगों ने बताया कि सिंबा के डर से गलियों में सन्नाटा रहने लगा था. लगातार शिकायतों के बावजूद जब समस्या खत्म नहीं हुई तो लोगों ने नगर पालिका परिषद से कड़ी कार्रवाई की मांग की. इन्हीं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए आज नगर पालिका परिषद लखीमपुर के कर्मचारियों ने कैचरो से कड़ी मशक्कत के बाद सिंबा नाम के कुत्ते को पकड़ लिया.
इससे मोहल्ले वासियों ने राहत की सांस ली. कुत्ते के पकड़े जाने के बाद लोगों ने नगर पालिका टीम का आभार जताया. मोहल्लेवासियों का कहना है कि अब बच्चे बिना डर के गलियों में खेल सकेंगे. उधर, नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि शहर में आवारा और आक्रामक कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए अभियान चलाया जा रहा है. शिकायत मिलने पर ऐसे कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.












