बिहार की राजनीति से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है. दिल्ली दौरे से लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक अहम बातचीत हुई. इस मुलाकात को बिहार की राजनीति और सरकार के अंदर समन्वय के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली दौरे के दौरान हुई बैठकों और राजनीतिक चर्चाओं की पूरी जानकारी नीतीश कुमार के साथ साझा की. इस दौरान राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा हुई.
दिल्ली दौरे की जानकारी साझा करने पहुंचे सम्राट
जानकारी के अनुसार सम्राट चौधरी दिल्ली में अधिकारियों के साथ मीटिंग कर पटना लौटे थे. पटना पहुंचते ही उन्होंने सीधे नीतीश कुमार के आवास जाकर मुलाकात की. राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. बताया जा रहा है कि दिल्ली में हुई राजनीतिक बैठकों और संगठनात्मक मुद्दों की जानकारी साझा करने के साथ-साथ बिहार में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी चर्चा हुई.
MLC चुनाव को लेकर भी हुई बातचीत
सूत्रों के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच आगामी MLC चुनाव को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. माना जा रहा है कि चुनावी रणनीति और सहयोगी दलों के बीच समन्वय को लेकर कई अहम बिंदुओं पर बातचीत हुई है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है. खासकर ऐसे समय में जब सरकार और संगठन दोनों स्तर पर सक्रियता बढ़ी हुई है.
सरकार और अनुभव के बीच समन्वय की कोशिश
सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार यह कोशिश कर रहे हैं कि सरकार संचालन में नीतीश कुमार के लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ मिलता रहे. इसी वजह से दोनों नेताओं के बीच नियमित संवाद और समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि बैठक में राज्य सरकार की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने और प्रशासनिक स्तर पर बेहतर तालमेल बनाने को लेकर भी चर्चा हुई. सरकार चाहती है कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की बाधा न आए.
राजनीतिक गलियारों में तेज हुई चर्चा
दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री का सीधे नीतीश कुमार के आवास पहुंचना राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है. इसे NDA सरकार के भीतर समन्वय और साझा रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि इस मुलाकात को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे आने वाले दिनों की रणनीतिक बैठकों की शुरुआत माना जा रहा है.












