खून से चुकाया बेइज्जती का हिसाब, दोस्त ने दोस्त की उड़ा दी गर्दन

21
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मामूली विवाद ने ऐसी खौफनाक शक्ल अख्तियार कर ली कि एक बुज़ुर्ग ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी. मामला कोल्हापुर के हनुमान नगर इलाके का है, जहां 70 वर्षीय मोहन सूर्यकांत पोवार के दोस्त ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी. 

हत्या की वजह
जानकारी के मुताबिक, मृतक मोहन पोवार और आरोपी 73 वर्षीय चंद्रकांत केदारी शेलके के बीच बातचीत के दौरान अचानक बहस हो गई. इस दौरान मोहन ने चंद्रकांत की मां को गाली दे दी. इसी बात से गुस्से में आकर चंद्रकांत ने धारदार हथियार से मोहन का गला रेत दिया.
कत्ल के बाद का घटनाक्रम
हत्या करने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए कमरे में आग भी लगा दी. लेकिन स्थानीय लोगों ने धुआं और आग देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और जांच शुरू की.
पुलिस की कार्रवाई
जुना राजवाड़ा पुलिस और स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में पूरे हत्या मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने संदिग्ध आरोपी चंद्रकांत शेलके को गिरफ्तार कर लिया है. 

आगे की जांच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या की योजना अचानक गुस्से में बनी या पहले से कोई पुराना विवाद भी इसकी वजह था. फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.