परफेक्‍ट स्‍ट्राइक… पाक‍िस्‍तान पर भारत की जीत से अमित शाह गदगद, बेटियों को दी बधाई

24
 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय महिला टीम को पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत पर बधाई दी. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने रविवार को कोलंबो में खेले गए आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के मुकाबले में पाकिस्तान को 88 रन से हरा दिया. अमित शाह ने टीम को बधाई देते हुए लिखा, “एकदम सही स्ट्राइक… आईसीसी महिला विश्व कप के आज के मैच में हमारी महिला क्रिकेट टीम ने भारत की क्रिकेट शक्ति का शानदार प्रदर्शन किया. देश को हमारी टीम पर गर्व है. आपके आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं.”

मैच की बात करें, तो भारतीय टीम ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से पाकिस्तान को हराकर इस चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ वनडे में जीत के सिलसिले को जारी रखा. भारतीय महिलाओं ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत हासिल की और वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ 12वें मुकाबले में जीत दर्ज कर शत प्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखा. विश्व कप में यह पाकिस्तान के खिलाफ उसकी पांचवीं जीत है. भारत ने टूर्नामेंट के पहले मैच में श्रीलंका को हराया था जबकि पाकिस्तान की यह दूसरी हार है.
भारतीय टीम हरलीन देओल की 65 गेंद में संयम से खेली गई 46 रन की पारी और अंत में रिचा घोष के 20 गेंद में तेजी से बनाए गए नाबाद 35 रन से धीमी पिच पर संघर्ष करते हुए पारी की अंतिम गेंद पर 247 रन के सम्मानजनक स्कोर पर सिमट गई. इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम शीर्ष क्रम के चरमराने के उबर नहीं सकी और सलामी बल्लेबाज सिदरा अमीन की 81 रन की जुझारू पारी के बावजूद 43 ओवर में 159 रन पर ढेर हो गई.
सिदरा अमीन ने भारतीय क्षेत्ररक्षकों द्वारा दिए गए जीवनदान का फायदा उठाते हुए 106 गेंद में नौ चौके और एक छक्का जड़ित पारी खेली. उनके अलावा सिर्फ नतालिया परवेज (33 रन) और सिदरा नवाज (14 रन) ही दोहरे अंक तक पहुंच सकी. भारत के लिए क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने तीन तीन विकेट झटके, जबकि स्नेह राणा को दो विकेट मिले.