राहुल गांधी ने चीन पर कही ऐसी बात, लोकसभा में हो गया बवाल, उठ खड़े हुए राजनाथ सिंह

4
संसद के बजट सत्र में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के संबोधन के दौरान खूब हंगामा देखा गया. राहुल गांधी ने लोकसभा में लद्दाख गतिरोध का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा, ‘चीनी सेना का टैंक भारतीय सीमा में घुस रहा था.’ राहुल गांधी के इतना कहते ही लोकसभा में हंगामा शुरू हो गया. फिर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘ इस पुस्तक का प्रकाशन ही नहीं हुआ. आप इसे कैसे मेंशन कर सकते हैं.’ इस पर राहुल बोले- ‘ये 100 परसेंट ऑथेंटिक है.’

बता दें कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में मंगलवार को चर्चा की शुरुआत हुई. सरकार की ओर से चर्चा की शुरुआत केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने की. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कुल 18 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है, जिसे तीन दिनों में पूरा किया जाएगा. रिजिजू के मुताबिक, एनडीए को कुल समय का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा, ऐसे में आज भाजपा की ओर से 4 से 5 सांसद अपनी बात रखेंगे, जबकि कुल मिलाकर 5 से 6 वक्ता आज बोल सकते हैं.
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को लोकसभा में इस चर्चा का जवाब देंगे, जबकि राज्यसभा में प्रधानमंत्री का जवाब 5 फरवरी को प्रस्तावित है.
गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में अपना नौवां केंद्रीय बजट पेश किया था. इसके बाद अब राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सरकार अपनी उपलब्धियों और आगे की नीतियों को सदन के सामने रखेगी, जबकि विपक्ष बजट और सरकार के कामकाज पर सवाल उठाएगा.
बजट सत्र कुल 65 दिनों में 30 बैठकों के साथ चलेगा और इसका समापन 2 अप्रैल को होगा. संसद के दोनों सदन 13 फरवरी को अवकाश पर जाएंगे और 9 मार्च को दोबारा बैठक करेंगे. इस दौरान विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की अनुदान मांगों की समीक्षा के लिए स्थायी समितियों को समय दिया जाएगा.