मुंगेर. एक ऐसी खौफनाक साजिश जिसने मुंगेर से लेकर पूर्णिया तक सनसनी फैला दी! नर्स बनने का सपना देख रही 25 साल की स्नेहा कुमारी 40 दिनों तक लापता रही, और जब सच सामने आया तो हर किसी की रूह कांप गई. आरोप है कि प्रेमी ने ही शादी के दबाव से बचने के लिए उसकी हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए शव को श्मशान घाट में जला दिया. पुलिस ने टेक्निकल एविडेंस के सहारे इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा किया है, लेकिन परिवार अब भी इंसाफ की गुहार लगा रहा है. एक मां की आंखों का सपना अब राख बन चुका है. प्यार से शुरू हुई कहानी साजिश और हत्या में खत्म हो गई. मुंगेर का यह मामला सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं, बल्कि रिश्तों में बढ़ते अविश्वास की भी चेतावनी है. पुलिस स्पीडी ट्रायल की बात कर रही है, लेकिन स्नेहा की मां को अब भी इंसाफ का इंतजार है.
स्नेहा के साथ हुआ क्या था?
मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत आदमपुर निवासी किरण देवी की 25 वर्ष की बेटी स्नेहा कुमारी बीते 17 जनवरी से रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी. परिजनों के अनुसार, स्नेहा भागलपुर में GNM ट्रेनिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी. जानकारी के मुताबिक, 18 जनवरी को मां से उसकी आखिरी बार बात हुई और इसके बाद मोबाइल फोन बंद हो गया. बेटी की तलाश में मां दर-दर भटकती रही, थाने के चक्कर लगाती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. मामला तब पलटा जब पुलिस ने टेक्निकल जांच शुरू की. कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
टेक्निकल एविडेंस से खुलीं हत्याकांड की परतें
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 17 जनवरी तक स्नेहा और पूर्णिया के बरहरा कोठी निवासी नीरज कुमार यादव के बीच 198 बार बातचीत हुई थी. इतना ही नहीं, 17 से 20 जनवरी के बीच दोनों की मोबाइल लोकेशन भी एक ही जगह पाई गई. शक गहराने पर पुलिस ने नीरज को हिरासत में लिया. पूछताछ में पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, और पहली दफा में उसे जेल भेज दिया गया. पर जब न्यूज 18 ने इस मामले को उठाया और प्रमुखता से दिखाया तो पुलिस के द्वारा तथाकथित आशिक को पुनः रिमांड पे लिया गया. जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई और तकनीकी सबूतों के सामने आखिरकार टूट गया.
जांच में खुलासा हुआ कि शादी का दबाव बनने पर आरोपी ने स्नेहा की गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को पूर्णिया के श्मशान घाट में जला दिया. श्मशान घाट के डोम राजा और किराये के मकान के पड़ोसी ने भी स्नेहा की पहचान की पुष्टि की है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक और गंभीर आरोप सामने आया है. मृतका की मां का दावा है कि उनकी बेटी की हत्या के पीछे अंग तस्करी की साजिश भी हो सकती है. हालांकि, पुलिस फिलहाल हत्या के एंगल पर ही जांच आगे बढ़ा रही है. मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के मुताबिक, स्नेहा और आरोपी के बीच प्रेम संबंध था.
40 दिन बाद खुला मर्डर मिस्ट्री का राज
बकौल मुंगेर एसपी आरोपी की शादी कहीं और तय हो चुकी थी और इसी वजह से विवाद बढ़ा. जब स्नेहा पूर्णिया पहुंचकर शादी का दबाव बनाने लगी, तब आरोपी ने उसकी हत्या कर दी. शव को भी श्मशान ले जा कर जला दिया. मुंगेर पुलिस के द्वारा पूर्णिया जा कर सारे घटना क्रम का रीक्रिएशन किया गया. प्यार से शुरू हुई ये कहानी एक खौफनाक अपराध में खत्म हो गई. सवाल ये है कि आखिर कब रिश्तों के नाम पर होने वाले ऐसे अपराध रुकेंगे. फिलहाल पुलिस स्पीडी ट्रायल के जरिए आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की बात कह रही है, और एक मां आज भी अपनी बेटी के लिए इंसाफ का इंतजार कर रही है.












