खर्ग आइलैंड पर हमले के बाद बोले ट्रंप- ईरान अब हार चुका है, अमेरिका ने 10000 ड्रोन तैनात किया

1
 ईरान और अमेरिका के युद्ध के बीच पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है. इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी और ताजा बात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान है, जो खर्ग द्वीप पर हमले के बाद सामने आया. ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के इस रणनीतिक द्वीप पर बड़े हवाई हमले में सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अब बुरी तरह कमजोर हो चुका है और समझौता चाहता है, लेकिन ऐसा समझौता नहीं होगा जिसे वह स्वीकार करें. साथ ही ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही रोकने की कोशिश हुई तो अमेरिका तेल ढांचे पर हमला करने का फैसला भी बदल सकता है. इसके अलावा ईरान की एक पनडुब्बी डुबो दी गई.

खर्ग द्वीप ईरान के तेल निर्यात का सबसे अहम केंद्र माना जाता है, इसलिए इस हमले के बाद वैश्विक तेल बाजार को लेकर चिंता बढ़ गई है. ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि भले तेल सुविधाओं को सीधे निशाना नहीं बनाया गया हो, लेकिन सैन्य हमले का असर निर्यात व्यवस्था पर पड़ सकता है. युद्ध लंबा खिंचने की आशंका ने खाड़ी क्षेत्र में बेचैनी और बढ़ा दी है. इसी बीच खाड़ी देशों में भी हमलों और सुरक्षा अलर्ट की खबरें सामने आईं. कतर, कुवैत, सऊदी अरब, यूएई और बहरीन में मिसाइल, ड्रोन या इंटरसेप्शन से जुड़े घटनाक्रम दर्ज किए गए. सऊदी अरब ने ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल रोकने का दावा किया, जबकि कतर ने मिसाइल हमले को इंटरसेप्ट करने की बात कही. कुवैत और बहरीन में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं. ओमान में अमेरिका ने गैर जरूरी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का आदेश दिया है.