क्या अगले महीने फाइनल हो जाएगी ट्रेड डील? 1-4 जून को फिर से दिल्ली में होगी अमेरिकी टीम

1
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते यानी बीटीए (BTA) को लेकर अब बातचीत तेज होने जा रही है. कई महीनों से धीमी चल रही चर्चा के बाद अब दोनों देशों ने एक बार फिर बड़े स्तर पर बातचीत आगे बढ़ाने की तैयारी कर ली है. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिका का एक हाई लेवल प्रतिनिधिमंडल 1 जून से 4 जून 2026 तक नई दिल्ली दौरे पर रहेगा. इस दौरान दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने पर मुख्य जोर रहेगा.

सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी टीम का नेतृत्व यूएस के चीफ नेगोशिएटर करेंगे. यह प्रतिनिधिमंडल भारतीय अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील व्यापारिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेगा. मंत्रालय ने साफ कहा कि इस बैठक का मकसद इंटरिम ट्रेड एग्रीमेंट की डिटेल्स को फाइनल करना और आगे की व्यापक बातचीत को आगे बढ़ाना है.

मार्केट एक्सेस और निवेश पर रहेगा बड़ा फोकस

इस बातचीत में मार्केट एक्सेस, कस्टम्स, ट्रेड फैसिलिटेशन, नॉन टैरिफ बैरियर्स, निवेश को बढ़ावा देने और आर्थिक सुरक्षा सहयोग जैसे अहम मुद्दे शामिल रहेंगे. माना जा रहा है कि दोनों देश ऐसे सेक्टर्स पर भी चर्चा करेंगे जहां कंपनियों को ज्यादा बाजार पहुंच और आसान व्यापारिक माहौल मिल सके.

रणनीतिक रिश्तों को भी मिलेगी मजबूती

भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्ते पिछले कुछ वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं. ऐसे में यह संभावित समझौता सिर्फ व्यापार तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने वाले बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है. खासतौर पर सप्लाई चेन, टेक्नोलॉजी और आर्थिक सुरक्षा के मोर्चे पर दोनों देशों की साझेदारी लगातार बढ़ रही है.

धीमी पड़ी बातचीत को फिर मिली रफ्तार

पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच व्यापारिक वार्ता की गति कुछ धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब जून में होने वाली इस बैठक को नए मोमेंटम के तौर पर देखा जा रहा है. जानकारों का मानना है कि अगर इंटरिम ट्रेड डील पर सहमति बनती है, तो इससे आगे चलकर व्यापक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के रास्ते भी आसान हो सकते हैं.