G7 में मोदी-ट्रंप आमने-सामने! 16 महीने बाद एक मंच पर दिखे दोनों नेता, कल होगी अहम मुलाकात

3
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस के एवियन में पहुंच गए हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गले लगकर पीएम मोदी का स्वागत किया. इसके बाद G7 फैमिली के ग्रुप फोटो के लिए सभी नेता जमा हुए. इस दौरान, 16 महीने बाद पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई. दोनों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और कुछ बातचीत भी की. इसके बाद सभी ने फोटो खिंचाई. मोदी से इस दौरान कई नेता आकर मिलते रहे.

दुनिया की सबसे प्रभावशाली अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच होने वाला G7 शिखर सम्मेलन वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े अहम मुद्दों पर केंद्रित है. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आगमन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए कहा कि वह विश्व नेताओं के साथ बातचीत और महत्वपूर्ण वैश्विक विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने दोहराया कि भारत टिकाऊ विकास और समृद्ध भविष्य के लिए सामूहिक वैश्विक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
तीन दिन तक चलने वाले जी7 सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्त्ज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची समेत कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं. सम्मेलन में वैश्विक सुरक्षा, आर्थिक चुनौतियों, ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और अमेरिका-ईरान समझौते जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.