प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेशेल्स दौरे का आज दूसरा और सबसे अहम दिन है. वह राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और बाद में देश के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. बैठक में भारत-सेशेल्स संबंधों को और मजबूत बनाने, समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग तथा हिंद महासागर क्षेत्र से जुड़े रणनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. माना जा रहा है कि इस यात्रा से दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण, विकास परियोजनाओं और ब्लू इकोनॉमी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई गति मिलेगी.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 साल के लंबे इंतजार के बाद सेशेल्स पहुंचे. सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ पैट्रिक हर्मिनी के खास बुलावे के बाद पीएम मोदी 27 से 29 जून 2026 तक इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण देश की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. पीएम मोदी आसमान के रास्ते सेशेल्स पहुंचे और समंदर के रास्ते इस देश में भारतीय नौसेना लैंड हो गई है. इस ग्रैंड एंट्री के पीछे भारत की बड़ी रणनीती है. पीएम मोदी की सेशेल्स यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव और चीन की बढ़ती हरकतों के बीच सुरक्षा और दोस्ती का एक नया अध्याय लिखने की शुरुआत है.
पीएम मोदी के सेशेल्स पहुंचते ही हुआ ग्रैंड वेलकम
जब प्रधानमंत्री का विशेष विमान सेशेल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा, तो खुद वहां के शीर्ष नेताओं और अधिकारियों ने प्रोटोकॉल तोड़कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. एयरपोर्ट से लेकर सड़कों तक दोनों देशों के झंडे लहरा रहे हैं. चारों तरफ ‘मोदी-मोदी’ के नारे सुनाई दिए.
ये दौरा इसलिए भी बहुत ज्यादा खास है क्योंकि इस साल भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की भी 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है. ये दोस्ती आपसी भरोसे, लोकतांत्रिक मूल्यों और दोनों देशों के लोगों के बीच के गहरे जुड़ाव पर टिकी हुई है. पीएम मोदी के कदम रखते ही सेशेल्स के मीडिया से लेकर गलियारों तक सिर्फ भारत की ही चर्चा हो रही है.












