पीएम आवास पहुंचे कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन, कुछ देर में प्रधानमंत्री मोदी से होगी मुलाकात

2
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदकवीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए पीएम आवास पहुंच गए हैं. प्रधानमंत्री इन चैंपियन खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए बधाई देंगे. ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक अपने नाम किए. इनमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल रहे. इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा. भारत के 39 पदकों में सबसे बड़ा योगदान बॉक्सिंग का रहा. भारतीय मुक्केबाजों ने कुल 10 पदक जीते, जिनमें 7 गोल्ड और 3 सिल्वर शामिल हैं. एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 10 पदक अपने नाम किए. गुलवीर सिंह ने इतिहास रचते हुए एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में एथलेटिक्स के दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बनने की उपलब्धि हासिल की. भारत के पैरा एथलीट्स के लिए भी यह अभियान बेहद खास रहा. उन्होंने कुल 6 पदक जीते, जिसमें 3 गोल्ड शामिल रहे. यह कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का पैरा एथलेटिक्स में अब तक का सबसे सफल अभियान रहा.

 

वेटलिफ्टिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक जीते. इस खेल ने भी भारत की पदक संख्या बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. जूडो में भारत ने कुल 4 पदक जीते. इनमें 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज शामिल रहे. अस्मिता डे ने महिलाओं के -48 किग्रा वर्ग में और हर्ष सिंह ने पुरुषों के -60 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता. यामिनी मौर्या ने -57 किग्रा में सिल्वर, जबकि उन्नति शर्मा ने -63 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत ने एक पदक जीता. इसके अलावा अलग-अलग स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की कुल पदक संख्या को 39 तक पहुंचाया.