पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में पहले चरण की वोटिंग जारी है. गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई. पश्चिम बंगाल में हमेशा की तरह कुछ मुर्शिदाबाद समेत कुछ बूथों पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने के आरोप लगे हैं. बंगाल में पहले चरण की वोटिंग है. वहीं तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोट डाले जाएंगे. पश्चिम बंगाल में इस चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. चुनाव मैदान में 1478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं.
तमिलनाडु में एक ही चरण में वोटिंग
वहीं तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग है. तमिलनाडु में 5.73 करोड़ से अधिक वोटर अपने वोटिंग अधिकार का प्रयोग करेंगे. पश्चिम बंगाल में वोटिंग के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पोलिंग बूथों पर ईवीएम मशीनें पहुंचा दी गई हैं, CCTV कैमरे लगाए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. विशेष गहन पुनरावृति (SIR) के बाद यह पहला चुनाव है. तमिलनाडु में पहले 6.4 करोड़ वोटर थे. एसआईआर में 74 लाख नाम कटे, जिसके बाद राज्य में 5.66 करोड़ वोटर बचे हैं.












