ईरान-अमेरिका युद्ध को सुलझाने के लिए एक तरफ तो इस्लामाबाद में बातचीत की मेज सज रही है, दूसरी ओर ईरान ने पुष्टि की है कि अमेरिका ने उसके एक व्यापारिक जहाज टॉस्का को अपने कब्जे में ले लिया है. ईरान ने चेतावनी दी है कि वह इसका जवाब देगा और बदला भीषण होगा. ईरान की ओर से इसे सीजफायर का उल्लंघन बताया है, जो खत्म होने में कुछ ही घंटे बाकी हैं. ईरानी अधिकारियों ने बयान में कहा कि अमेरिकी बलों ने ईरानी झंडे वाले इस कार्गो जहाज पर हमला किया, उसके नेविगेशन सिस्टम को निष्क्रिय किया और फिर जहाज पर चढ़ गए. तेहरान ने इस कार्रवाई को समुद्री डकैती करार दिया और कहा कि उसकी सेना इसका जवाब देगी. यह पुष्टि ऐसे समय आई है जब इससे पहले ईरानी मीडिया में अलग दावा किया गया था कि अमेरिकी बलों को ईरान की आईआरजीसी की नौसेना इकाइयों के हस्तक्षेप के बाद पीछे हटना पड़ा था.
अब तक ईरान युद्ध में क्या-क्या हुआ?
- जहाज जब्ती: अमेरिका की नौसेना ने ओमान की खाड़ी में नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहे ईरान के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर फायरिंग कर उसे कब्जे में ले लिया. ईरान की सेना ने चेतावनी दी है कि वह जल्द जवाब देगी.
- पाकिस्तान में वार्ता: व्हाइट हाउस के मुताबिक उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी आने वाले दिनों में पाकिस्तान जाकर ईरान के साथ शांति वार्ता का नया दौर करेंगे. हालांकि होर्मुज को लेकर तनाव के बीच बातचीत की स्थिति स्पष्ट नहीं है. तेहरान ने अब तक प्रतिनिधिमंडल भेजने की पुष्टि नहीं की है और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बातचीत शायद न हो. मौजूदा सीजफायर बुधवार को खत्म होने वाला है.
- मुश्किल बातचीत: शांति प्रक्रिया में कई बड़े मुद्दे अटके हुए हैं, जिनमें ईरान के यूरेनियम भंडार पर नियंत्रण और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलना शामिल है. इस बीच तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, ब्रेंट और अमेरिकी कच्चा तेल दोनों में लगभग 7% की तेजी आई है.
- चीन आया सामने: चीन ने ईरानी जहाज कब्जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उसने कहा है कि वो अमेरिका के इस कदम से चिंतित है.












