टूट गई उद्धव की सेना, शिंदे गुट में शामिल 6 बागी सांसद, ओम बिरला से मिले संजय राउत

3
महाराष्ट्र की सियासत में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर हलचल चरम पर पहुंच गई है. उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी में बगावत की अटकलें आखिरकार सच साबित हुई और पार्टी के 9 में से 6 सासंद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं. इस बीच इन बागी सांसदों को संजय राउत ने खुली चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि जो सांसद पार्टी छोड़ेंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा.

दरअसल शिवसेना यूबीटी के सभी 6 बागी सांसद मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए थे. उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर खुद को अलग गुट बताते हुए एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने की जानकारी दी थी.  इन बागी सांसदों में संजय संजय देशमुख, दीना पाटिल, नागेश पाटिल अष्टीकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय जाधव के नाम शामिल हैं.
उधर शिवसेना (यूबीटी) की वरिष्ठ नेता प्रियंका चर्तुवेदी ने पार्टी में बगावत पर एक तरह से मुहर लगाते हुए बीजेपी को चेतावनी दी है. उन्होंने इन बागियों की तुलना सांपों से करते हुए बीजेपी को चेताया है कि कल ये उसे भी डसेंगे.
उधर शिवसेना यूबीटी ने भी इस बगावत की काट के लिए चाल चल दी है. उद्धव ठाकरे के वफादार शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि पार्टी के किसी भी सांसद के अलग गुट बनाने या किसी अन्य दल में विलय को मान्यता न दी जाए. सावंत ने इस पत्र में लिखा है कि शिवसेना यूबीटी एक ही राजनीतिक दल है और कानून की नजर में वही मान्य है. शिवसेना यूबीटी ने कहा कि संसद में पार्टी का अस्तित्व मूल राजनीतिक दल से आता है, इसलिए अलग-अलग गुट बनाकर उसी पार्टी का प्रतिनिधित्व करने का दावा नहीं किया जा सकता.